हरियाणा पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 304 MTP किट, 58 हजार से ज्यादा नशीली गोलियां जब्त
तस्करों से 58,800 नशीली गोलियां, 304 MTP किट व 1310 परेगाबलिन नामक कैप्सुल बरामद
मुख्यालय से डीएसपी बीर भान ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई राजबीर सिंह, की टीम सांयकालिन गश्त दौरान मेन चौक खुराना रोड़ कैथल पर मौजूद थी। जहां पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली की नानकपुरी कालोनी खुराना रोड़ कैथल निवासी विक्रम अपने मकान पर नशीली प्रतिबंधित गोलियां बेचने का काम करता है। जिसके घर पर रेड करके उसे भारी मात्रा में नशीली गोलियों सहित काबू किया जा सकता है। सूचना विश्वसनीय होने कारण पुलिस सतर्कता का परिचय देते हुए विक्रम उपरोक्त के मकान पर पहुँची। जहां संदिग्ध विक्रम द्वारा भागने का प्रयास किया गया परंतु सतर्क पुलिस द्वारा विक्रम को काबू कर लिया गया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी बीरभान व ड्रग कंट्रोल ओफिसर चेतन वर्मा के समक्ष ली गई तलाशी दौरान आरोपी के मकान में बेड से 2 पॉलीथिन बरामद हुए। जिनमें 18600 ट्रामाडोल नामक गोलियां तथा 5000 अल्प्राजोल नामक गोलियों सहित कुल 23600 गोलियां बरामद हुई। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा ये टैब्लेट प्रतिबंधित बताई गई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
वही डीएसपी ने बताया कि दुसरे मामले में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम शाम के समय गश्त दौरान खुराना बाईपास कैथल के पास मौजूद थी। जहां पर सहयोगी सुत्रो से पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि खुराना रोड़ कैथल निवासी साहिल ने न्यु बोबी मेडिकल के नाम से खुराना रोड कैथल पर दवाइयों की दुकान की हुई है। जो मेडिकल स्टोर की आड में प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने का धंधा करता है, जो अभी अपने मकान से नशीली गोलियां लेने गया हुआ है, जिसके मकान पर दबिश देकर उसे नशीली गोलियों सहित काबू किया जा सकता है।
सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस द्वारा मुस्तैदी का परिचय देते हुए गली नंबर 3 खुराना रोड़ कैथल स्थित साहिल के मकान पर दबिश दी गई। जहां एक बैग लिए हुए युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। जिसे पुलिस द्वारा बैग सहित काबू कर लिया गया। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी बीरभान व ड्रग कंट्रोल ओफिसर चेतन वर्मा के समक्ष की गई जांच दौरान आरोपी के कब्जे में बैग से 35200 अलप्राजोल नामक गोलियां बरामद हुई। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा ये टैब्लेट प्रतिबंधित बताई गई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अतिरिक्त आरोपी साहिल के कब्जे से 304 एमटीपी किट व 1310 परेगाबलिन नामक कैप्सूल बरामद हुए। जो जिला अस्पताल से मौके पर पहुंचे नोडल ऑफिसर पीएनडीटी डॉक्टर सचिन मांडले की शिकायत पर थाना शहर में अभियोग अंकित किया गया। आरोपियों का व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।