पुलिस चौंकी और थाना से महिज कुछ मीटर दूर शिमला में हुड़दंगियों ने आधी रात तोड़ी गाड़ियां, पुलिस खंगाल रही CCTV
Shimla News: लोगों ने जब अपनी टूटी हुई गाड़ियां देखी तब उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। ढली पुलिस अब कॉलोनी में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Hooligans Broke Vehicles in Shimla: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीती रात को अज्ञात लोगों ने कईं गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। शिमला के उप नगर संजौली की ढिंगूधार कॉलोनी में सड़क किनारे पार्क गाड़ियों को हुड़दंगियों ने निशाना बनाया। यह वारदात बुधवार रात साढ़े 12 बजे के करीब की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीन से चार हुड़दंगियों ने इसे अंजाम दिया है।
लोगों ने जब अपनी टूटी हुई गाड़ियां देखी तब उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। ढली पुलिस अब कॉलोनी में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इनके जरिए आरोपियों की पहचान होगी। इस वारदात के बाद एसपी शिमला में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में अक्सर रात रात में कुछ शराबी हुड़दंग मचाते हैं। ऐसे लोगों के साथ उन्होंने सख्ती बरतने की अपील की है।
सबसे बड़ी बात तो ये है कि शिमला में जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे करीब 250 मीटर दूर संजौली पुलिस चौकी और लगभग 300 मीटर दूर ढली थाना है। ऐसे में हुड़दंगियों की यह करतूत पुलिस की रात्रि गश्त पर भी बड़ा प्रश्न है।
पुलिस जल्द आरोपियों का पता लगाएगी: SHO
SHO ढली विरलोचन नेगी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई है। किन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। इसका पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।