हवाणी के पास HRTC की बस दुर्घटनाग्रस्त,स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
Latest News: मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत हवाणी क्षेत्र के पास आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया, जब गोभड़ता से सरकाघाट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा लुढ़की। यह हादसा सुबह करीब पौन 9 बजे के आसपास हुआ, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 6 यात्री सवार थे। बस जैसे ही हवाणी के समीप पहुंची तो अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से फिसलते हुए नीचे खेतों में जा गिरी। गनीमत यह रही कि बस गहरी खाई में गिरने से बच गई, नहीं यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे में बस चालक को अधिक चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।
राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के नीचे गिरते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू किया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायलों का सरकाघाट अस्पताल में उपचार जारी है, जहां चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।