हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस शासन में जनता त्रस्त, मुख्यमंत्री के चहेते मस्त – अजय ठाकुर
Ajay Thakur; भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गरीबों के ऊपर कहर बरपा रही है। कांग्रेस ने बीपीएल श्रेणी के लिए जो नियम बदलें हैं, उससे बड़ी संख्या में गरीब इस श्रेणी से बाहर हो जाएंगे। जिससे उन्हें मिलने वाली सुविधाएं बंद हो जाएंगी और उनका जीवन कठिन हो जाएगा। इस कदम की कड़ी निन्दा हो रही है, गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
अजय ठाकुर ने कहा कि गरीबी हटाओ का नारा देकर कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश सरकार गरीबों को हटाने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार युवा विरोधी है ,यह सरकार रोजगार समाप्त करके, अपने मित्रों को सरकारी खजाने से लाभ देने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने सरकारी खजाने के ऊपर बोझ डालकर दर्जनों सलाहकार भर्ती कर लिए हैं, लेकिन किसी एक सलाहकार की भी सलाह प्रदेश के हित में नहीं आई। इससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस का काम केवल अपनों को लाभ पहुंचाना है। अजय ठाकुर ने कहा कि साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार की नीतियों से लगातार महंगाई बढ़ी है जिससे जन-जीवन कठिन हो गया है। कांग्रेस सरकार ने रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ाई, डीजल पर वैट बढ़ाया, एचआरटीसी बस किराये कई गुना बढ़ाए और यात्रियों को मिलने वाली छूट समाप्त कर दी। सरकार ने राशन की उपलब्धता घटाई और जो राशन उपलब्ध है, उसे महंगा किया। बिजली दरों में भारी वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया। यह सब दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार जनविरोधी है।