US पहुंची भारतीय सेना, टैरिफ तनाव के बीच अलास्का में अमेरिकी फौज के साथ करेगी संयुक्त युद्ध अभ्यास
Indian Army: टैरिफ तनाव के बीच अलास्का पहुंची भारतीय सेना, अमेरिकी फौज के साथ करेगी संयुक्त युद्ध अभ्यास
भारतीय सेना का एक दल सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2025’ में भाग लेने के लिए अमेरिका के अलास्का पहुंच गया है। यहां वह भारत-अमेरिका के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2025’ में भाग लेगा। यह अभ्यास एक सितंबर यानी मंगलवार से 14 सितंबर 2025 तक चलेगा। विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है। बता दें कि ‘युद्ध अभ्यास’ भारत और अमेरिका के बीच हर साल होने वाला एक बड़ा सैन्य अभ्यास है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच साझा प्रशिक्षण, तालमेल और युद्ध कौशल को बढ़ाना है। इसका यह 21वां संस्करण है और इस बार यह अमेरिका के बर्फीले और पहाड़ी इलाके अलास्का में हो रहा है।
भारतीय सेना के कौन-कौन से जवान शामिल हैं?
बात अगर इस अभ्यास में शामिल होने वाले जवानों की करें तो इस बार भारत की तरफ से मद्रास रेजिमेंट के सैनिक इस अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं अमेरिका की तरफ से 11वीं एयरबोर्न डिविजन के 1st बटालियन, 5th इन्फेंट्री रेजिमेंट (बॉबकैट्स) के सैनिक अभ्यास में भाग ले रहे हैं। दोनों दलों के जवान दो हफ्ते तक साथ मिलकर कई तरह के युद्ध अभ्यास करेंगे।