एनएफएल नंगल की लीज और स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों के मुद्दे को लेकर जे.पी. नड्डा से मिले डॉ. सुभाष शर्मा
नंगल। नंगल क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों—एनएफएल नंगल की दुकानों एवं मकानों की बढ़ी हुई लीज तथा नंगल ट्रक यूनियन को एनएफएल से पर्याप्त माल ढुलाई का काम न मिलने—को लेकर भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। डॉ. शर्मा ने दोनों मामलों की समस्याओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा और समाधान के लिए आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की।
जे.पी. नड्डा ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुना और मामलों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित स्तर पर विचार करने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
एनएफएल की लीज दरों में राहत की मांग
डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि नया नंगल के सेक्टर-1, 2 और 4 में एनएफएल द्वारा लीज पर दी गई दुकानों में वर्ष 1958 से दुकानदार कारोबार कर रहे हैं। समय के साथ इन दुकानों की लीज में कई गुना वृद्धि हुई है। वर्तमान में लगभग टाइप-1 की ₹4,000, टाइप-2 की ₹4,500, टाइप-3 की ₹5,500 तथा टाइप-4 की ₹7,000 तक लीज हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि एनएफएल कर्मचारियों की संख्या और इन सेक्टरों की आबादी कम होने के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में बढ़ी हुई लीज का भुगतान करना उनके लिए कठिन हो गया है। डॉ. शर्मा ने मांग रखी कि दुकानों की लीज दरों का पुनर्निर्धारण कर उन्हें उचित एवं व्यावहारिक स्तर पर लाया जाए तथा हर पांच वर्ष में होने वाली लीज वृद्धि पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही, एनएफएल क्षेत्रों में घरों की बढ़ी हुई लीज पर भी उचित राहत प्रदान की जाए।
नंगल ट्रक यूनियन को एनएफएल से पर्याप्त माल ढुलाई का काम देने की मांग
डॉ. शर्मा ने नंगल ट्रक यूनियन की ओर से रखी गई मांग को भी जे.पी. नड्डा के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यूनियन से 1000 से अधिक ट्रक जुड़े हुए हैं और इनसे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों परिवारों, ड्राइवरों, श्रमिकों, मैकेनिकों तथा छोटे व्यवसायियों की आजीविका जुड़ी हुई है।
वर्तमान में स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों को एनएफएल में पर्याप्त माल ढुलाई का काम नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। डॉ. शर्मा ने मांग रखी कि नंगल ट्रक यूनियन से जुड़े स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों को एनएफएल के माल ढुलाई कार्य में पर्याप्त एवं नियमित काम तथा उचित अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि ट्रक ऑपरेटरों और उनसे जुड़े परिवारों की आजीविका मजबूत हो सके तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिले।
जे.पी. नड्डा ने इस विषय को भी गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और उचित स्तर पर मामले को देखने तथा आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि नंगल के स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और ट्रक ऑपरेटरों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
