साउथ के दिग्गज एक्टर कोटा श्रीनिवास राव ने 83 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, 750 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
Kota Srinivasa Rao: कोटा श्रीनिवास राव अपने 4 दशक से ज्यादा लंबे करियर में 750 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। इसमें हिंदी फिल्में भी शामिल रही। इसके अलावा वो विजयवाड़ा से विधायक भी रहे हैं।
Kota Srinivasa Rao Demise: तेलुगु एक्टर और पूर्व भाजपा विधायक कोटा श्रीनिवास राव का सोमवार को निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित फिल्मनगर में अपने घर पर आखिरी सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्वस्थ चल रहे थे।
राव ने दो दिन पहले ही उन्होंने अपना 83वां जन्मदिन मनाया था। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के कांकीपाडु में जन्मे श्री राव ने 1978 में प्रणाम खरीदु से अपने करियर की शुरुआत की। चार दशकों से भी ज्यादा के अपने करियर में उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी की 750 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।
‘सरकार’ से ‘बागी’ तक कई हिंदी फिल्मों में किया काम
कोटा श्रीनिवास राव को दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित और बहुमुखी अभिनेताओं में से माना जाता है। अपने चार दशक से भी ज्यादा लंबे करियर में वे 750 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। वे ‘सरकार’, ‘बागी’ जैसी कई हिंदी फिल्मों में नजर आए हैं। कोटा श्रीनिवास राव राजनीति में भी अपनी सक्रिय रहे हैं। वे BJP के सदस्य और विजयवाड़ा से पूर्व विधायक थे।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने श्रीनिवास के निधन पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, ‘अपनी बहुमुखी भूमिकाओं से सिनेमा दर्शकों का दिल जीतने वाले प्रसिद्ध अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन बेहद दुखद है। लगभग 4 दशकों में सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में उनका कलात्मक योगदान और उनके द्वारा निभाई गई भूमिकाएं हमेशा याद रहेंगी। उनका निधन तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है। परिवारवालों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’
750 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
कोटा श्रीनिवास राव का जन्म 10 जुलाई 1942 को आंध्र प्रदेश के गांव कांकीपाडु में हुआ था। वह एक मिडिल क्लास फैमिली थे। कोटा के पिता डॉक्टर थे। बचपन में तो कोटा भी डॉक्टर बनने का ही सपना देखते थे, लेकिन किस्मत को और ही मंजूर था। कॉलेज के दिनों में ही उनको नाटकों में एक्टिंग का शौक लग गया।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने थिएटर से की थी। धीरे-धीरे वो फिल्मों की ओर रूख करते रहे। साल 1978 में तेलुगु फिल्म ‘प्रणम खरीदू’ से उन्होंने फिल्मों में एंट्री की। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कोटा श्रीनिवास तेलुगू, तमिल और हिंदी भाषा की फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने 750 से ज्यादा फिल्में की।
पद्म श्री से भी हो चुके हैं सम्मानित
उनकी एक्टिंग के लिए कोटा राव को 9 बार राज्य नंदी पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। साल 2012 में उनको ‘कृष्णम वंदे जगद्गुरुम’ फिल्म के लिए SIIMA पुरस्कार मिला था। इसके अलावा साल 2015 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
वे राजनीति में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साल 1999 से 2004 तक कोटा श्रीनिवास आंध्र प्रदेश विधानसभा में विजयवाड़ा ईस्ट से विधायक रहे।
