शिमला के कुमारसैन में बड़ा हादसा, नेपाल जा रहा ट्रैवलर पलटा, 29 घायल और 16 की हालत गंभीर
Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। कुमारसैन क्षेत्र में एक ट्रैवलर के पलटने से 29 लोग घायल हो गए।
Accident in Shimla: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रफ्तार के जुनून का एक और खौफनाक मंजर सामने आया है। कुमारसैन क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक अनियंत्रित ट्रैवलर पलट गया, जिससे उसमें सवार 29 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को फौरन राहत पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
16 गंभीर रूप से घायल, शिमला रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया। वहां 29 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन इनमें से 16 यात्रियों को गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया।
नेपाल जा रहा ट्रैवलर कुमारसैन में पलटा
कुमारसैन पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि करीब 1.50 बजे कुमारसैन थाना क्षेत्र में डोगरा मंडी के पास शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे पर पेश आया। ट्रैवलर (गाड़ी नंबर- HP01AA0330) रिकांग पिओ से रुपिडिया नेपाल बॉर्डर की ओर जा रही थी। ट्रैवलर में करीब 31 लोग सवार थे। प्रत्येक व्यक्ति 2500 रुपए किराया देकर ट्रैवलर से सफर रहे थे।
चालक की लापरवाही से दुर्घटना!
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि, “गाड़ी चालक राजकुमार पहले से ही गाड़ी काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। शनिवार देर रात करीब 1.50 AM नजद डोगरा मंडी के पास चालक राज कुमार ने तीखे मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई।”
ट्रैवलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी संजीव गांधी ने बताया कि, “मूल रूप से नेपाल के बांके जिले के आंचल भेरी के पालिका जीसा पानी वार्ड नंबर 1 का रहने वाला राजकुमार (उम्र- 36 वर्ष) ट्रैवलर चला रहा था। ट्रैवलर चालक वर्तमान में शिमला जिले के ननखड़ी उपमंडल के जवाल्डा गांव के डाकघर धनावली में रह रहा था। कुमारसैन पुलिस ने चालक राज कुमार के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चलाने के के कारण हुई है।”
कुमारसैन पुलिस को दी शिकायत में स्थानीय लोगों ने बताया कि, ट्रैवलर चालक राज कुमार वाहन तेज रफ्तार में चला रहा था। जैसे ही गाड़ी डोगरा मंडी के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, उसने रफ्तार पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में ट्रैवलर में सवार अधिकांश लोग घायल हो गए। घायलों को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन ले जाया गया, जहां 29 लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से 16 लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।