बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के अटूट विश्वास की मुहर- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
NDA Won Bihar Assembly Election: आरती सिंह राव ने कहा कि “बिहार की यह जीत सिर्फ राजनीतिक परिणाम नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र में विकास, विश्वास और प्रगति के नए अध्याय की शुरुआत है।
Aarti Singh Rao on Bihar Election Results: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत देशभर में विकास, स्थिरता और सुशासन की मजबूत स्वीकृति है। बिहार की जनता ने भारतीय जनता पार्टी नीत राजग गठबंधन को चुनकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर उनका विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि “बिहार की यह जीत सिर्फ राजनीतिक परिणाम नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र में विकास, विश्वास और प्रगति के नए अध्याय की शुरुआत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है और जनता ने इस दिशा में उठाए गए कदमों को खुले मन से स्वीकार किया है।”
एनडीए की बिहार जीत से पूरे देश में उत्साह- स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एनडीए की इस बड़ी जीत से पूरे देश में उत्साह है और वह खुद भी इस विजय पर प्रदेश की जनता के साथ मिलकर उत्सव मनाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बताता है कि देश अब जाति-पंथ की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, पारदर्शिता और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दे रहा है।
आरती सिंह राव ने इस दौरान उपस्थित सभी नागरिकों को 16 नवंबर को नारनौल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महाराजा शूर सैनी जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशाल रैली में उपस्थित होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा की “मैं क्षेत्र की जनता से अपील करती हूँ कि वे इस भव्य कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे और प्रदेश में विकास की इस निरंतर यात्रा के साक्षी बनें। आपकी उपस्थिति इस समारोह को और अधिक सफल बनाएगी।”
विकास की योजनाओं को तेज़ी से जनता तक पहुंचाने पर जोर देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार की जीत से प्रेरणा लेकर सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को हर घर तक तेज़ी से पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना ही सरकार का संकल्प है और आने वाला समय हरियाणा के लिए और अधिक विकास लेकर आएगा।
सरकारी योजनाएँ बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक तक पहुंचाने का वादा
उन्होंने कहा कि “एनडीए की जीत से मिली ऊर्जा हमें हर विधानसभा क्षेत्र में जनकल्याणकारी नीतियों को गति देने में सहायक होगी। मैं यह विश्वास दिलाती हूँ कि सरकारी योजनाएँ बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक तक पहुँचेंगी।”
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन और सहयोग से ही प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है और सरकार पूरी निष्ठा से इस यात्रा को और मजबूत करेगी।