हरियाणा में ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डॉमिनेशन की जबरदस्त शुरुआत, एक दिन में 284 छापेमारी, 52 गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा व अवैध सामान बरामद

Operation Hotspots Domination in Haryana; हरियाणा पुलिस ने अपराध, नशा तस्करी, अवैध शराब और जुआ–सट्टा नेटवर्क पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए राज्यभर में ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डॉमिनेशन का बिगुल बजा दिया है। 1 दिसंबर 2025 को सभी जिलों में एकसमान, समन्वित और इंटेलिजेंस-बेस्ड छापेमारी करते हुए पुलिस ने कुल 284 हॉटस्पॉट्स पर धावा बोला, 34 एफआईआर […]
Jaspreet Singh
By : Updated On: 03 Dec 2025 11:50:AM
हरियाणा में ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डॉमिनेशन की जबरदस्त शुरुआत, एक दिन में 284 छापेमारी, 52 गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा व अवैध सामान बरामद

Operation Hotspots Domination in Haryana; हरियाणा पुलिस ने अपराध, नशा तस्करी, अवैध शराब और जुआ–सट्टा नेटवर्क पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए राज्यभर में ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डॉमिनेशन का बिगुल बजा दिया है। 1 दिसंबर 2025 को सभी जिलों में एकसमान, समन्वित और इंटेलिजेंस-बेस्ड छापेमारी करते हुए पुलिस ने कुल 284 हॉटस्पॉट्स पर धावा बोला, 34 एफआईआर दर्ज कीं और 52 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रदेश में आपराधिक नेटवर्क को जोरदार झटका दिया।

इंटरस्टेट–इंट्रास्टेट ड्रग नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

अभियान का मुख्य लक्ष्य,राज्य में सक्रिय ड्रग सप्लाई चेन को ध्वस्त करना, अवैध शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई, जुआ–सट्टा रैकेट्स पर नकेल कसना और आदतन हिंसक अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाना है। पुलिस ने साफ किया कि नशा तस्करी, अवैध शराब और संगठित अपराध पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह अभियान लगातार और और अधिक तीव्रता से चलता रहेगा।

*पहले ही दिन भारी बरामदगी,हजारों नशीली गोलियाँ, किलोभर हेरोइन–स्मैक और अवैध शराब जब्त

पहले ही दिन की कार्रवाई में हरियाणा पुलिस ने 3,600 नशीली टैबलेट, 114 कैप्सूल, 3.07 किलो गांजा, 350.3 ग्राम हेरोइन, 40.68 ग्राम स्मैक, 13.68 किलो पोपी हस्क और 190 किलो चूरा पोस्ट सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए। इसके साथ ही 90 बोतल देशी और 72 बोतल अवैध शराब, 120 लीटर लाहन, 82,867 रुपये नकद तथा एक देसी कट्टा और कारतूस भी कब्जे में लिए गए।

जिलावार प्रदर्शन,करनाल अव्वल, डबवाली में भारी हेरोइन बरामद

जिलों के प्रदर्शन में करनाल सबसे आगे रहा, जहाँ 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए और 190 किलो चूरा पोस्ट जब्त हुई।

अंबाला, गुरुग्राम और नारनौल में 5–5 गिरफ्तारियां, सिरसा में 4, जबकि फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, पानीपत और फतेहाबाद में 3–3 आरोपी पुलिस की पकड़ में आए।

उधर डबवाली में 311.48 ग्राम हेरोइन और 100 लीटर लाहन मिली, जो क्षेत्र में सक्रिय ड्रग नेटवर्क की गहराई को दिखाती है।

हिंसक अपराधियों पर प्रहार, संपत्ति कुर्क, 14 फरार गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने एक आदतन हिंसक अपराधी की संपत्ति कुर्क की और 14 फरार हिंसक अपराधियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 14 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर उपचार एवं परामर्श सहायता प्रदान की गई, ताकि उन्हें अपराध और नशे के दुष्चक्र से बाहर लाया जा सके।

आने वाले दिनों में और तेज़ होगा अभियान

हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट्स डॉमिनेशन आने वाले हफ्तों में और अधिक आक्रामक रूप लेगा। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील जगहों पर उन्नत निगरानी, इंटेलिजेंस-बेस्ड रेड, मोबाइल टीमों की तैनाती और हाई-रिस्क पॉइंट्स की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।

नागरिकों से अपील,सूचना दें, कार्रवाई तुरंत होगी

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशा व्यापार, अवैध शराब, जुआ-सट्टा या हिंसक अपराधियों से जुड़ी सूचना गोपनीय रूप से साझा करें। हर भरोसेमंद सूचना पर शीघ्र व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हरियाणा पुलिस का यह अभियान न केवल अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ रहा है, बल्कि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम भी साबित हो रहा है।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad