पाकिस्तान में बड़ा हादसा: खाई में बस गिरने से 40 यात्रियों की मौत, बलूचिस्तान-खैबर पख्तूनख्वा बॉर्डर पर मची चीख-पुकार
क्वेटा से डेरा इस्माइल खान जा रही बस गहरी खाई में गिरी; हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल
रास्ते में खराब हुई दूसरी बस के यात्री भी इसमें हुए थे सवार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इस्लामाबाद (03 जुलाई, 2026):
पाकिस्तान से एक बेहद दर्दनाक और बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांत के बॉर्डर के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस भीषण हादसे में कम से कम 40 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
मोड़ पर खाई में गिरी बस
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को बलूचिस्तान के शेरानी जिले के धनसार इलाके में हुआ. यात्री बस क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की ओर जा रही थी. इसी दौरान सीमावर्ती इलाके में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरी.
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया और राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, “शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक 40 लोगों की जान जा चुकी है और 8 घायलों का इलाज किया जा रहा है.”
दूसरी बस के यात्री भी थे सवार, इसलिए बढ़ा मौतों का आंकड़ा
शेरानी के डिप्टी कमिश्नर (DC) वली खान काकर ने घटना के विवरण साझा करते हुए एक चौंकाने वाली बात बताई. उन्होंने कहा कि बस शुरुआत में केवल 36 यात्रियों को लेकर क्वेटा से रवाना हुई थी. लेकिन रास्ते में एक दूसरी बस खराब हो गई थी, जिसके कारण उस बस के यात्रियों को भी इसी गाड़ी में सवार कर लिया गया था. वहीं, खैबर पख्तूनख्वा (KP) रेस्क्यू 1122 के बयान के मुताबिक, जब यह हादसा हुआ तब बस के भीतर कुल 48 यात्री सवार थे.
दो प्रांतों की पुलिस और रेस्क्यू टीमें जुटीं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने तुरंत आपातकालीन आदेश जारी कर बचाव कार्य तेज करने को कहा है. घटना स्थल पर झोब इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू 1122 की टीमें मुस्तैदी से जुटी हुई हैं. दोनों प्रांतों का जिला प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित लोगों और घायलों को निकालने में मदद कर रहे हैं. सरकार की ओर से कहा गया है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की पूरी जांच की जाएगी.