कालका में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का एक्शन, रेलवे रोड पर रॉन्ग पार्किंग के 20 चालान काटे
Railway Road traffic crackdown:- रेलवे रोड पर ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 रॉन्ग पार्किंग चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक मौके पर स्वयं मौजूद रहे और सख्ती के साथ नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
पुलिस टीम ने मौके पर स्थानीय दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण करने से बचें। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे रोड स्थित अंबेडकर भवन के अंदर नगर परिषद द्वारा सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिसका सभी को उपयोग करना चाहिए।
इसके अलावा पुलिस ने आम नागरिकों को भी जागरूक करते हुए कहा कि तहसील आने वाले लोग अपने वाहन तहसील परिसर में ही पार्क करें, एसडीएम कोर्ट आने वाले कोर्ट परिसर की पार्किंग का उपयोग करें और अस्पताल आने वाले लोग अपने वाहन अस्पताल परिसर में ही खड़े करें, ताकि सड़क पर अनावश्यक भीड़ न बढ़े।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी निजी गाड़ियां दुकान के सामने खड़ी न करें और जहां संभव हो दोपहिया वाहनों का उपयोग करें। साथ ही उन्हें यह जिम्मेदारी भी दी गई कि वे अपने ग्राहकों को भी सड़क पर वाहन खड़ा न करने के लिए प्रेरित करें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद सड़क पर वाहन खड़े करने से अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसे देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार ऑनलाइन व मैनूअल चालान की कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे रोड पर एक राइडर और एक चालान अधिकारी की नियमित ड्यूटी भी लगाई गई है, जो पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद कालका को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।