दिल्ली-NCR में अब आंधी-तूफान के साथ बारिश मचाएगी तांडव, IMD का इन राज्यों में रेड अलर्ट
Weather Update Today: दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश और उत्तराखंड-हिमाचल में भूस्खलन की आशंका से हालात गंभीर हो गए हैं। IMD ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Weather Alert on 24th August: अगस्त के आखिरी हफ्ते में देशभर में मानसून अपना रंग दिखा रहा है। कहीं झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है, तो कहीं पानी भरने और भूस्खलन से मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक कई राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आज भी बादल बरस सकते हैं।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को थोड़ी देर की बारिश ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन उमस अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 27 अगस्त तक दिल्ली और आस पास के इलाकों में बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के में स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं नादौन में शुक्रवार शाम से 24 घंटों में 58.6 मिमी बारिश हुई, इसके बाद नेरी में 47.5 मिमी, जोगिंदरनगर में 45 मिमी और जट्टन बैराज में 44.2 मिमी बारिश हुई।
नगरोटा सूरियां में 39.2 मिमी, मंडी में 37 मिमी, कांगड़ा में 36.3 मिमी, धौलाकुआं में 35.5 मिमी, नैना देवी में 34.8 मिमी, पांवटा साहिब में 33 मिमी, घाघस में 26 मिमी और भटियात में 22.2 मिमी वर्षा हुई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 20 जून को मॉनसून आने के बाद से कम से कम 152 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 लोग लापता हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश की आशंका
आईएमडी ने उत्तराखंड के लिए रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार रविवार यानी 24 अगस्त को राज्य के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। आईएमडी ने इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। कई इलाकों में आसमान से बिजली गिरने और तेज गर्जना की संभावना भी जताई गई है।
आईएमडी ने रविवार को कहा है कि 26 अगस्त उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने 28 अगस्त तक गुजरात और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। यहां देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। ऐसे इलाकों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लैंडस्लाइड का अलर्ट जारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से भूस्खलन की आशंका जताई गई है। आईएमडी ने रविवार से सप्ताह के अंत तक पहाड़ी राज्यों में बादल फटने, वज्रपात और लैंडस्लाइड का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में हालात सबसे गंभीर हैं। उत्तरकाशी के धराली और स्यानाचट्टी के बाद अब चमोली जिले के थराली व नारायणबगड़ ब्लॉक में आधी रात को बादल फटने से तबाही मच गई। तेज प्रवाह के साथ आए पानी और मलबे से कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।