सागर सिंगला सुसाइड केस: पंचकूला पुलिस ने फरार चल रहे 2 आरोपियो को किया गिरफ्तार, अब तक 3 गिरफ्तार
Haryana News :- पंचकूला के रायपुर रानी क्षेत्र में हुए सागर सिंगला सुसाइड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर रानी थाना टीम ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जॉनी पुत्र श्यामलाल और परविंद्र पुत्र मोहन सिंह निवासी रायपुर रानी, पंचकूला के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे लेकिन एएसआई धनीराम ने गुप्त सूचना के आधार पर 21 नवंबर को दोनों को अलग-अलग ठिकानो से गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले पुलिस ने आरोपी शिव कुमार उर्फ काकू निवासी रायपुर रानी को 13 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
घटना 4 नवंबर की है, जब युवक सागर सिंगला ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में कुछ व्यक्तियों पर गंभीर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में पंचकूला पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया था कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके तहत लगातार पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही थी।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल आखिरी आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीसीपी ने यह भी बताया कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से विस्तृत जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और आरोपियो के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।