राज्य सतर्कता ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, पटवारी व निजी सहायक 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Faridabad Patwari Bribe Case; राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया। ब्यूरो की टीम ने हल्का पटवारी जितेंद्र (गोच्छी, जिला फरीदाबाद) तथा उसके निजी सहायक विनोद को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में अभियोग संख्या 3 दिनांक 11.02.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
सेक्टर-23, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने 22 फुट रोड स्थित एक दुकान तथा अपनी माताजी के नाम 33 फुट रोड पर एक मकान खरीदा हुआ है। इन संपत्तियों का इंतकाल दर्ज करवाने हेतु वह दिनांक 5 फरवरी 2026 को पटवार घर, सेक्टर-55, फरीदाबाद पहुंचा। आरोप है कि दस्तावेज देखने के बाद हल्का पटवारी जितेंद्र ने कार्य करने से इंकार कर दिया। इसके पश्चात उसके निजी सहायक विनोद ने इंतकाल दर्ज करने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। जब शिकायतकर्ता ने यह बात पटवारी को बताई, तो कथित रूप से 5,000 रुपये कम कर 25,000 रुपये में कार्य करने की सहमति जताई गई। आरोप है कि उसी समय 5,000 रुपये अग्रिम रूप में ले लिए गए तथा शेष 20,000 रुपये बाद में देने को कहा गया।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आज पटवार घर, सेक्टर-55 में आरोपियों को शेष 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश है। प्रकरण की गहन जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।