सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की पतंजलि के खिलाफ IMA की याचिका, चिकित्सा पद्धति पर उठाए थे सवाल
Supreme Court Patanjali: सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि के खिलाफ IMA की याचिका खारिज कर दी है। याचिका में पतंजलि के विज्ञापनों पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कल मामले का निपटारा कर दिया।
Supreme Court IMA Patanjali: सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि को बड़ी राहत देते हुए भारतीय चिकित्सा संघ की याचिका को खारिज कर दिया है। याचिका में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े विज्ञापनों को भ्रामक बताते हुए सवाल उठाए गए थे और कार्रवाई करने की मांग की गई थी। पतंजलि के खिलाफ दायर याचिका में कहा गया था कि विज्ञापनों में झूठे दावे करके आधुनिक चिकित्सा पद्धति को बदनाम करने की कोशिश की गई है।

किस नियम को हटाने के बाद दिया था स्टे ऑर्डर?
इस मामले के दौरान, आयुष मंत्रालय द्वारा जुलाई 2024 में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियम, 1945 के नियम 170 को हटाने के बाद, एक व्यापक नियामक प्रश्न सामने आकर खड़ा हुआ था. इस नियम के तहत अतिरंजित दावों को रोकने के लिए आयुर्वेदिक, सिद्ध और यूनानी दवाओं के विज्ञापनों को राज्य लाइसेंसिंग अधिकारियों द्वारा पूर्व-अनुमोदित करना आवश्यक था. सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने अगस्त 2024 में अनुमोदन की आवश्यकता को बरकरार रखते हुए, इस नियम को हटाने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी. हालांकि, सोमवार को न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन ने उस आदेश को कैंसल कर दिया.