Banner
Banner

डिप्टी स्पीकर अपनी हैसियत के हिसाब से दें बयान, व्यक्तिगत कटाक्ष करना शोभा नहीं देता: विनेश फोगाट

Vinesh Phogat; जींद, जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) डॉ कृष्ण मिड्ढा के बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया है। रविवार को जुलाना उप मंडल के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनेश ने कहा कि डिप्टी स्पीकर को अपने संवैधानिक पद […]
Jaspreet Singh
By : Published: 07 Jun 2026 14:53:PM
डिप्टी स्पीकर अपनी हैसियत के हिसाब से दें बयान, व्यक्तिगत कटाक्ष करना शोभा नहीं देता: विनेश फोगाट

Vinesh Phogat; जींद, जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) डॉ कृष्ण मिड्ढा के बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया है। रविवार को जुलाना उप मंडल के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनेश ने कहा कि डिप्टी स्पीकर को अपने संवैधानिक पद की गरिमा और हैसियत के अनुसार ही बयानबाजी करनी चाहिए, न कि किसी पर व्यक्तिगत तौर पर कटाक्ष करना चाहिए।

बीजेपी नेताओं द्वारा उन्हें खेल छोड़कर राजनीति संभालने की दी जा रही नसीहतों पर पलटवार करते हुए विनेश ने कहा, “बीजेपी के लोग पहले खुद खेल को छोड़ें। जिस दिन ये राजनीति वाले खेल में दखल देना बंद कर देंगे, मैं राजनीति छोड़कर वापस खेल के मैदान में चली जाऊंगी। जब राजनीति वाले खेल में आकर हमारा खेल खराब कर सकते हैं, तो हम खेल वाले भी राजनीति में आकर अपनी और आने वाली पीढ़ी की जिंदगी के फैसले खुद करेंगे।”

इस्तीफे की चर्चाओं और विरोधियों के बयानों पर विनेश फोगाट ने दो टूक लहजे में कहा, “बहुत सारे लोग चाहते हैं कि मैं इस्तीफा दे दूं, लेकिन मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। हम मैदान छोड़कर भागने वालों में से नहीं हैं। चाहे कुश्ती का मैट हो या राजनीति का मैदान, हम डटकर लड़ाई लड़ेंगे। मैं अपने लोगों, अपने समाज और अपने देश के हक के लिए आखिरी सांस तक खड़ी रहूंगी।”

कुश्ती और राजनीति में जातिवाद के हावी होने के सवाल पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक एथलीट न तो किसी जाति का होता है और न ही किसी विशेष राज्य का। खिलाड़ी जब भी मैदान में उतरता है, तो वह सिर्फ अपने देश और तिरंगे के गौरव के लिए लड़ता है। मीडिया और समाज को भी ऐसी नकारात्मक चीजों को नजरअंदाज करना चाहिए ताकि खिलाड़ियों को खेल भावना से ही देखा जाए।”

कांग्रेस में किसी भी प्रकार की गुटबाजी या नाराजगी से इनकार करते हुए जुलाना विधायक ने कहा, “जुलाना में कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय है। जुलाना के सहयोग के बिना कुछ भी संभव नहीं है। राजनीति में लोगों को किसी व्यक्ति विशेष के बजाय पार्टी की विचारधारा से जुड़ना चाहिए ताकि संगठन मजबूत हो। कल को अगर मैं भी कहूं कि मैं पार्टी बदल रही हूं, तो मेरे साथ भी किसी को नहीं जाना चाहिए। हमें एक विचारधारा के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।” विनेश ने यह भी कहा कि आने वाले समय में वे गांवों में नकली वोट जुड़ने और असली वोट कटने की प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखेंगी।

गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों पर सरकार को घेरते हुए विनेश ने कहा, “राहुल गांधी देश को पहले ही महंगाई को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। अभी तो महंगाई की शुरुआत हुई है, आने वाला समय और कठिन होने वाला है। आज आम जनता त्रस्त है। मैं विधायक हूं, कई बार मेरे लिए भी गैस सिलेंडर का इंतजाम करना मुश्किल हो जाता है। बाजार में पांच हजार रुपये तक में सिलेंडर ब्लैक हो रहा है, ऐसे में आम नागरिक का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।” उन्होंने छात्र संगठन एनएसयूआई

और पहलवानों के हक में आवाज उठाने वाले हर आंदोलन का समर्थन करने की बात कही।

मानसून की आहट के बीच जुलाना में ड्रेनों की सफाई के मुद्दे पर विधायक ने कहा, “बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। खेतों में कटाई के कारण ड्रेनों में मिट्टी जमा हो गई है। मैंने आज ही प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में बात की है और मुआयना कर जल्द सफाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एक हफ्ते से 10 दिन के भीतर सभी ड्रेनों और नालों को साफ करवा दिया जाएगा ताकि जलभराव की स्थिति पैदा न हो।”

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad