अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘खटाखट’ नहीं, खटारा मॉडल देकर चले गए
धर्मशाला के एक निजी होटल में भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, नगरोटा के पूर्व विधायक अरूण मेहरा सहित भाजपा के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में कांगड़ा जिला के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों पूर्व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और पूर्व कर्मचारियों की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
वहीं सम्मेलन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के चुनावी वादों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि चार साल पहले राहुल गांधी ने ‘खटाखट-खटाखट’ का नारा दिया था, लेकिन कांग्रेस ‘खटाखट’ नहीं बल्कि ‘खटारा मॉडल’ देकर चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के खजाने को खाली कर दिया है और अब समय आ गया है कि कांग्रेस को फटाफट सत्ता से बाहर किया जाए।
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पर करीब एक लाख दस हजार करोड़ रुपये के कर्ज का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कोई ठोस निर्णय नहीं ले पा रही है। उन्होंने कांग्रेस के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने, पांच लाख युवाओं को रोजगार देने, किसानों और दूध उत्पादकों से किए गए वादों तथा 300 यूनिट मुफ्त बिजली के वादे को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि जनता आज कांग्रेस से पूछ रही है कि आखिर उसके चुनावी वादों का क्या हुआ।
वहीं भाजपा नेताओं के विजिलेंस के रडार पर होने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक रूप से मुकदमे किए गए हैं तो जांच के बाद यह भी सामने आ जाएगा।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे विवाद पर भी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के सम्मेलन की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई और इसे गाने में करीब तीन मिनट दस सेकंड का समय लगता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस और गांधी परिवार के पास राष्ट्रगीत के लिए भी इतना समय नहीं है।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति वोट बैंक और तुष्टीकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत को लेकर कांग्रेस का रुख देश की भावनाओं से जुड़ा विषय है और इस पर कांग्रेस को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की संसद और संविधान से ऊपर कोई परिवार नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान के मामले में कांग्रेस को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
