स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अटेली क्षेत्र को दी 72 करोड़ की सौगात
Haryana Health Minister: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अटेली विधानसभा क्षेत्र के सिहमा और अटेली खंड में 72 करोड़ 85 लाख 62 हजार रुपये से अधिक लागत की 141 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
इनमें सबसे बड़ी परियोजना उनिंदा में 15.87 करोड़ रुपये के रेस्ट हाउस का शिलान्यास है। उन्होंने नारियल फोड़कर इस रेस्ट हाउस का शिलान्यास किया।
इसके अलावा सड़कें, पेयजल पाइपलाइन, सिंचाई, स्वास्थ्य, पंचायती और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने गांव सैदपुर में भी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन में शिलान्यास किया।
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार चंहुमुखी विकास को प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि अटेली के रेस्ट हाउस का मामला उन्होंने जब प्रदेश के मुख्यमंत्री के सामने रखा, उन्होंने तुरंत इसको मंजूर कर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रत्येक गांव में नल से पर्याप्त मात्रा में जल पहुंचने को कृत संकल्पित है।
अगर किसी गांव या ढाणी में अभी भी पेयजल की कोई कमी है तो उन्हें बताएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा वह धरती है जिसने देश की रक्षा के लिए सबसे बड़ी शहादत दी है। इसी शहादत का सम्मान के लिए हरियाणा सरकार नसीबपुर में शहीद स्मारक बनाएगी।