बहरागोड़ा-बारिपदा मार्ग पर गैस टैंकर में रिसाव, प्रशासन ने एनएच किया बंद
Jamshedpur News: जय अंबिका ऑयल कैरियर लिखे टैंकर वाहन से प्रोपलीन गैस का रिसाव हो रहा है। इसकी सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस प्रशासन को दी गयी है।
Gas Tanker Leak on Baharagora-Baripada: पूर्वी सिहभूम जिला के बहरागोड़ा-बारिपदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जामशोला के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब Jio पेट्रोल पंप के समीप खड़े एक प्रोपलीन गैस से लदे टैंकर में रिसाव की सूचना मिली। इससे आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। दरअसल, जय अंबिका ऑयल कैरियर लिखे टैंकर वाहन से प्रोपलीन गैस का रिसाव हो रहा है। इसकी सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस प्रशासन को दी गयी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सतर्क हो गया और तुरंत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। डीसी ने आम नागरिकों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर प्रशासन की पूरी निगरानी है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। विशेषज्ञों की निगरानी में रिसाव को नियंत्रित करने का कार्य जारी है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, घबराएं नहीं और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें। सावधानी के तौर पर घटना स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। साथ ही एहतियातन बहरागोड़ा-बारिपदा एनएच मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया है।
रिसाव को नियंत्रित करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। यह टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और आवश्यक कदम उठा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।