‘आयरन लेडी’ साने ताकाइची, ड्रम बजाने वाली बनीं जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री, पीएम मोदी ने दी बधाई
Japan First Woman PM: जापान में मंगलवार का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब देश ने पहली बार किसी महिला को प्रधानमंत्री पद की कुर्सी सौंपी।
Japan gets first woman PM as Sanae Takaichi: जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष साने ताकाइची को मंगलवार को संसद द्वारा प्रधानमंत्री चुना गया और वह देश की पहली महिला नेता बन गईं। क्योदो की रिपोर्ट के अनुसार, ताकाइची ने निचले सदन में पहले दौर के मतदान में जीत हासिल करके दूसरे दौर के चुनाव से बच गईं। उन्हें जापान की संवैधानिक डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता योशीहिको नोडा के 149 वोटों के मुकाबले 237 वोट मिले। जापानी समाचार एजेंसी ने बताया कि 64 वर्षीय ताकाइची ने संसद के निचले सदन में डाले गए 465 वोटों में से 237 वोट हासिल करके जापान की प्रधानमंत्री बनीं।
नए प्रधानमंत्री के सामने आने वाली चुनौतियों में सुस्त अर्थव्यवस्था और घोटालों व आंतरिक संघर्षों से जूझ रही सत्तारूढ़ पार्टी को एकजुट करना शामिल है। नए राजनीतिक साझेदार की तलाश में जुटे ताकाइची ने सोमवार को ओसाका के गवर्नर हिरोफुमी योशिमुरा, जो जेआईपी (जिसे निप्पॉन इशिन नो काई के नाम से भी जाना जाता है) का नेतृत्व करते हैं, के साथ एक औपचारिक समझौता किया।
पदभार ग्रहण करते हुए क्या बोली प्रधानमंत्री साने ताकाइची
जापान की नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने मंगलवार को पदभार ग्रहण करते हुए अपने भाषण में अथक परिश्रम के माध्यम से प्रत्येक पीढ़ी के सहयोग से जापान के पुनर्निर्माण की बात प्रमुखता से कही।लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के उन सदस्यों को संबोधित करते हुए जिन्होंने उन्हें चुना था, ताकाइची ने कहा, “मैं अपने वादे निभाऊँगी। हम हर पीढ़ी को एकजुट करके और सभी की भागीदारी से ही पुनर्निर्माण कर सकते हैं। चूँकि हम कुछ ही लोग हैं, इसलिए मैं सभी से काम करने का आग्रह करती हूँ; घोड़े की तरह काम करो। मैं स्वयं “कार्य-जीवन संतुलन” के विचार को त्याग दूँगी। मैं काम करूँगी, काम करूँगी, काम करूँगी, काम करूँगी और काम करूँगी।”
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि “जापान और एलडीपी के पुनर्निर्माण” के लिए, प्रत्येक को “अपनी विशेषज्ञता के क्षेत्र में अथक परिश्रम करना होगा। मैं विनम्रता से भी काम करूँगी, इसलिए कृपया मुझे अपना मार्गदर्शन प्रदान करें।”
आगे बढ़ते हुए, प्रधानमंत्री ताकाइची ने कई नीतियों के त्वरित कार्यान्वयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और एलडीपी को और अधिक उत्साही बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “इस समय, खुशी की बजाय, मुझे आने वाली कठिनाइयों का एहसास हो रहा है। हमें मिलकर बहुत सारा काम करना है। मेरा यही मानना है। कई नीतियाँ हैं जिन्हें जल्दी से लागू करने की ज़रूरत है। हम सब मिलकर एलडीपी को एक ज़्यादा उत्साही, सकारात्मक और ऊर्जावान पार्टी बनाएंगे। एलडीपी को एक ऐसी पार्टी बनाने के लिए भी प्रयास करने होंगे जो लोगों की चिंताओं को आशा में बदल सके।”
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साने ताकाइची को ट्विटर के माध्यम से बधाई देते हुए कहा, “मैं भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक तथा वैश्विक साझेदारी को और सशक्त करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं। हमारे रिश्ते इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।”
कभी हैवी मेटल ड्रमर थीं ताकइची
एनारा प्रान्त में जन्मीं ताकाइची बचपन से ही अपने दृढ़ व्यक्तित्व के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कोबे यूनिवर्सिटी से स्नातक किया और छात्र-जीवन में संगीत में उनकी बहुत रुचि थी। उन्होंने कॉलेज में हेवी मेटल ड्रम बजाए थे और उनके बारे में कहा जाता है कि वे इतने जोश से ड्रम बजाती थीं कि अक्सर स्टिक्स टूट जाया करती थीं। राजनीति में आने से पहले उन्होंने टीवी होस्ट के तौर पर भी काम किया था।
राजनीति में उन्होंने 1993 में पहली बार सांसद के रूप में कदम रखा और अब वह सबसे बड़ी पार्टी Liberal Democratic Party (LDP) की अध्यक्ष बनकर प्रधानमंत्री पद के कगार तक आ गईं।