जोधपुर में 16 दिन के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत, जादू-टोने की भी आशंका, 4 मौसियों पर मर्डर का आरोप
Newborn Murder in Jodhpur: जोधपुर में 17 दिन के मासूम की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। नवजात की 4 मौसियों पर बच्चे के मर्डर का आरोप है। चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
16-day-old baby died in Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर शहर में कलयुग की क्रूरता ने एक बार फिर सिर उठाया है। पांचबत्ती नेहरू कॉलोनी में मात्र 16 दिन के नवजात शिशु की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सूत्रों के अनुसार, बच्चे की चार मौसियों ने मिलकर यह कृत्य अंजाम दिया, जो अंधविश्वास की भेंट चढ़ गया। चार मौसियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार सांसी बस्ती में सुबह 5 बजे एक नवजात की हत्या करने की सूचना मिली। तबीयत खराब होने पर परिजन नवजात को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस उपायुक्त पूर्व शहीन सी, आइपीएस व सहायक पुलिस आयुक्त पूर्व प्रतीक सिंह, थानाधिकारी रामकृष्ण ताडा मौके पर पहुंचे और जांच की। एफएसएल ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए।
मौसियों ने नवजात का तोड़ा हाथ-पांव
सूत्रों के अनुसार मृतक नवजात का गत 24 अक्टूबर को जन्म हुआ था। सुबह उसकी मां बाथरूम में गई। पीछे 4 मौसी नवजात को लेकर कमरे में गईं, जहां उसके हाथ पांव मोड़कर तोड़ दिए। इससे नवजात रोने लगा तो उन्होंने मुंह दबाकर चुप करने का प्रयास किया। जिससे उसका दम टूट गया। नवजात की मां बाथरूम से बाहर आईं और पति व अन्य परिजन की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया।
पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण होगा स्पष्ट
थानाधिकारी रामकृष्ण ताडा का कहना है कि नवजात की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। एफआइआर दर्ज की जा रही है।
भारी भीड़, शोक की लहर
घटना की खबर फैलते ही नेहरू कॉलोनी में भारी भीड़ जमा हो गई। पड़ोसी और परिजन शोक में डूबे हैं। महिलाएं रो रही हैं, जबकि पुरुष पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात की है।