दिल्ली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, बवाना मर्डर केस के दो वांछित आरोपी घायल
Police-criminal encounter in Delhi: दिल्ली के शाहाबाद डेयरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। दोनों पर बवाना के चर्चित कारोबारी हत्या मामले में शामिल होने का आरोप है और वे पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के रूप में हुई है। आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस को इन दोनों के इलाके में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम ने घेराबंदी की।
रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों तरफ से लगभग 11 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विदेश बैठे गैंगस्टरों से जुड़े तार
जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित से जुड़े हो सकते हैं। कारोबारी की हत्या की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।