क्राइम ब्रांच ने वाहन चोर को किया काबू, बाइक बरामद कर भेजा जेल
Panchkula police crime branch:- पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 की टीम ने वाहन चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, पंचकूला वासी शिकायतकर्ता ने 29 मार्च थाना सेक्टर-14 में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 मार्च की रात करीब 1:15 बजे वह सेक्टर-14 की सब्जी मंडी में सब्जी लेने आया था और अपनी मोटरसाइकिल को अमर टैक्स रोड पर खड़ा किया था। जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 इन्चार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नितेश (उम्र 23 वर्ष) निवासी अभयपुर, सैक्टर-9 पंचकूला को काबू किया। आरोपी अभी कालका में किराये के मकान में रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह: इस मामले में आरोपी का एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा