मनीष सिसोदिया के बयान पर अनिल विज का पलटवार; कहा- ‘रावण जैसा होगा राम मंदिर में चोरी करने वालों का हाल’
अंबाला में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी PM मोदी के ‘मन की बात’; विरोधियों पर साधा तीखा निशाना
राम मंदिर मामले में SIT गठित, दोषियों को कानून के साथ-साथ भगवान राम भी देंगे सजा: ऊर्जा मंत्री
अंबाला:
हरियाणा के कैबिनेट एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज अंबाला छावनी के म्यूजिक स्कूल में अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस दौरान बड़ी टीवी स्क्रीन लगाकर कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के विचारों को सुना, जिसके बाद अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के आरोपों पर बेहद तीखा और कड़ा पलटवार किया।
मनीष सिसोदिया पर बरसे अनिल विज
मनीष सिसोदिया के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि “सरकार नीट (NEET) चोरी और चंदा चोरी के कामों में लगी हुई है”, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने तंज कसते हुए कहा, “शायद मनीष सिसोदिया का जन्म एक-दो दिन पहले ही हुआ है या फिर उन्होंने पहले कभी सरकारें नहीं देखीं। कांग्रेस सरकार के समय कितने पेपर लीक हुए, मंदिरों में चोरियां हुईं और यहां तक कि मूर्तियां तक चुरा ली गईं, क्या सिसोदिया तब पैदा नहीं हुए थे?” उन्होंने कहा कि विरोधियों को तो सिर्फ राम मंदिर का विरोध करने के लिए कोई न कोई मुद्दा चाहिए।
दोषियों का हाल रावण जैसा होगा: विज
राम मंदिर से जुड़ी कथित गड़बड़ी के मामले पर बोलते हुए अनिल विज ने स्पष्ट किया कि इसकी जांच के लिए SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया जा चुका है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले को लेकर बेहद गंभीर हैं।
एक ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए विज ने कहा, “राम मंदिर से जो पैसा चोरी हुआ है, वह भगवान राम का है। राम जी के यहां एक बार पहले भी चोरी हुई थी, जब लंकापति रावण माता सीता को चुराकर ले गया था। उसके बाद रावण का वह हाल हुआ था कि उसके घर में दीया जलाने वाला भी कोई नहीं बचा था। जिन लोगों ने भी यह पाप किया है, उन्हें कानून तो सजा देगा ही, साथ ही भगवान राम के कोप और सजा से भी वे बच नहीं पाएंगे।”