आसाराम को बड़ी राहत: हाईकोर्ट ने बलात्कार मामले में 6 महीने के लिए सजा निलंबित की, कोर्ट ने दिया ये तर्क
Asaram News: गुजरात हाईकोर्ट ने 2013 के बलात्कार मामले में दोषी आसाराम की सजा छह महीने के लिए निलंबित कर दी। कोर्ट ने स्वास्थ्य कारणों को आधार मानते हुए राहत दी।
Asaram gets Interim Bail: आसाराम को गुजरात हाई कोर्ट से भी 6 महीने की अंतरिम जमानत मिल गई है। गुजरात हाई कोर्ट में आसाराम की ओर से जमानत की याचिका पर सुनवाई के दौरान दलील दी गई कि जोधपुर कोर्ट ने आसाराम को 6 महीने के लिए जमानत दी है। वे हृदय से संबंधित बीमारी से पीड़ित हैं। आसाराम की उम्र 86 वर्ष है और उन्हें इलाज कराने का अधिकार है। बता दें कि यदि 6 महीनों में अपील की सुनवाई आगे नहीं बढ़ती, तो वे फिर से जमानत के लिए आवेदन कर सकेंगे।
बलात्कार मामले में दोषी
आसाराम को साल 2013 में एक महिला शिष्य के साथ बलात्कार के मामले में दोषी पाया गया था। इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट ने भी बीते महीने आसाराम की सजा छह महीने के लिए निलंबित की थी और उन्हें स्वास्थ्य कारणों से अंतरिम जमानत दी थी। अदालत ने उस समय कहा था, उनकी हालत बेहोशी जैसी है और जेल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
गुजरात हाई कोर्ट ने आसाराम को अंतरिम जमानत देते हुए कहा, ‘आसाराम की चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए जोधपुर हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी, इसलिए गुजरात हाई कोर्ट अलग रुख नहीं अपना सकता। यदि राजस्थान सरकार इस जमानत को चुनौती देती है, तो गुजरात सरकार भी ऐसा कर सकेगी।’
आसाराम की जमानत के मामले में सरकार की ओर से कहा गया कि अगर जोधपुर जेल में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं नहीं हों, तो उन्हें साबरमती जेल में स्थानांतरित किया जा सकता है।
हालांकि, पीड़िता के वकील पक्ष ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में भी आसाराम अहमदाबाद, जोधपुर, इंदौर आदि स्थानों पर घूमते रहे हैं। उन्होंने कभी किसी अस्पताल में लंबी अवधि का इलाज नहीं लिया। वे ऋषिकेश से महाराष्ट्र तक घूमे हैं। जोधपुर में आयुर्वेदिक उपचार जारी है और उन्हें कोई तकलीफ नहीं है।