मोबाइल से वोटिंग कराने वाला बिहार बनेगा पहला राज्य, जानें रजिस्ट्रेशन का तरीका
E-Voting: बिहार ने लोकतंत्र को तकनीक से जोड़ते हुए ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल शुरू की है। लोगों को यह सुविधा 28 जून 2025 को होने वाले नगरपालिका चुनाव में मिलेगी।
Mobile Based E-voting: बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने आधुनिक तकनीक की ओर एक और कदम बढ़ाया है। अब मतदान और भी स्मार्ट, सुरक्षित और सुलभ होगा। बिहार अब भारत का पहला राज्य बन गया है, जहां मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वोटिंग होगी। लोगों को यह सुविधा 28 जून 2025 को होने वाले नगरपालिका चुनाव में मिलेगी। राज्यभर में इसके लिए 51,157 लोगों ने पंजीयन कराया है।
यह ई-वोटिंग शनिवार 28 जून को बिहार की नगरपालिका आम और उप-निर्वाचन 2025 के लिए होगी। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरपालिका आम और उप निर्वाचन 2025 के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया में उन्नयन नवाचारों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए ई-वोटिंग प्रणाली की नींव रखी है, जिसके माध्यम से पहली बार मतदाता ई-वोटिंग से मतदान करने का गौरव प्राप्त करेंगे।
आयोग ने बताया कि ई-वोटिंग से मतदान करने वाले पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 51,157 है, जिसमें प्राथमिक रूप से वरिष्ठ नागरिक, शारीरिक रूप से दिव्यांग, असाध्य रोग से ग्रसित, गर्भवती महिलाएं एवं प्रवासी मजदूर मतदाता शामिल हैं। ये पंजीकृत मतदाता 28 जून को मोबाइल ऐप से घर बैठे ही मतदान कर सकेंगे।
कैसे काम करेगा ई-वोटिंग ऐप?
पंजीकृत मतदाता को मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा।
OTP के माध्यम से सत्यापन (Verification) किया जाएगा।
पहचान प्रमाण अपलोड करने के बाद मतदाता लॉगिन करेगा।
उसके बाद वह अपने निर्धारित उम्मीदवार को वोट डाल सकेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि यह संपूर्ण प्रक्रिया एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड और डेटा सिक्योरिटी के सभी मानकों पर आधारित है।