बदरीनाथ धाम के पास कुबेर पर्वत से टूटा ग्लेशियर, मलबा गिरता देखकर मचा हड़कंप, देखें Video
Badrinath कंचन गंगा के ऊपर कुबेर पर्वत से ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई है। कंचनगंगा नाले में ग्लेशियर टूटकर आया है। हालांकि कोई नुकसान की खबर नहीं है।
Glacier Broke From Mount Kuber: बदरीनाथ के पास कंचन गंगा के ऊपर कुबेर पर्वत से एक बड़ा ग्लेशियर टूटा है। कंचन गंगा नाले में ये ग्लेशियर टूटकर आया है। वहीं ग्लेशियर टूटने की वजह से आस पास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई है। स्थानीय लोग टूटा ग्लेशियर देखकर सहम गए। ग्लेशियर टूटने की वजह से कंचनगंगा नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया है। हालांकि अभी तक किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
यह घटना बदरीनाथ के पास कंचनगंगा नाले में हुई है। कुबेर पर्वत से ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा है। इस घटना के कारण नाले में मलबा जमा हो गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा तुरंत स्थिति का जायजा लिया गया। उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर के साथ-साथ चट्टानें भी टूटी हैं।
इसी साल फरवरी में हुआ था भारी हिमस्खलन
इसी साल 28 फरवरी को भी उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच भारत-चीन (तिब्बत) सीमा क्षेत्र में माणा कैंप के पास भारी हिमस्खलन हुआ था। उस दौरान वहां निर्माण कार्य में लगे 55 मजदूर बर्फ में दब गए थे। साल 2021 में भी चमोली के रैणी में ग्लेशियर टूटने से एक बड़ी आपदा आई थी। तब ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा में बाढ़ आ गई थी, जिसमें 206 लोगों की मौत हो गई थी।
जोर की आवाज से आया नीचे
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि कुबेर भंडार ग्लेशियर से एक हिस्सा जोर की आवाज के साथ नीचे आया। उन्होंने बताया कि तेज आवाज और ग्लेशियर के बहने के दृश्य से वहां मौजूद श्रद्धालु भी रोमांचित हो उठे। माणा गांव के पूर्व प्रधान पिताम्बर सिंह मोल्फा ने कहा कि ऊपरी हिमालय क्षेत्र में बर्फीली चोटियों से हिमस्खलन एक सामान्य बात है। मोल्फा ने बताया कि कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर के पिघल कर टूटने की घटनाएं होती रहती हैं और तीर्थयात्री भी इनके साक्षी बनते हैं।
वीडियो आया सामने
घटना की वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्लेशियर टूटते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने ही ग्लेशियर टूटने का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।