गुरुग्राम पुलिस ने 2 अंतरराज्यीय चोरों को किया गिरफ्तार, त्योहारों के मौके खाली घरों को बनाते थे निशाना
Gurugram News: चोरी के बाद वे सामान को बस के ज़रिए नेपाल ले जाकर बेच देते थे और वहीं से अगली वारदात की योजना बनाते थे।
Gurugram Police Arrested Interstate Thieves: गुरुग्राम पुलिस ने दो ऐसे अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है, जो भारत और नेपाल में घरों में घुसकर ज्वेलरी और नकदी चोरी करते थे। दोनों आरोपी त्योहारों के दौरान खाली मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वे ऐसे घरों की रेकी करते थे जिनमें कई दिनों से लाइट नहीं जल रही होती थी या बाहर ताला लगा होता था। चोरी के बाद वे सामान को बस के ज़रिए नेपाल ले जाकर बेच देते थे और वहीं से अगली वारदात की योजना बनाते थे।
दरअसल 24 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-10A में एक घर में चोरी हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह त्यौहार मनाने के लिए उत्तर प्रदेश गया हुआ था और 22 अक्टूबर की रात उसके घर से ज्वेलरी व नकदी चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
इस मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी अनिल पहले लखनऊ में वकील का मुंशी रह चुका है, जबकि सूरज गुरुग्राम में ऑटो चलाता है।आरोपी अनिल के खिलाफ उत्तर प्रदेश में पहले से 15 चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि उसने नेपाल में भी आधा दर्जन चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।