अगर यूनिफार्म सिविल कोड लाएगी हरियाणा सरकार तो मैं पुरजोर समर्थन करूंगा: ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चंडीगढ़, 26 नवंबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि संविधान और कानून के लिए सभी लोग एक समान है और एक समान कानून होना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जब भी यूनिवर्सल सिविल कोड लाएगी तो मैं इसका पुरजोर समर्थन करूंगा।
विज आज चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों द्वारा यूनिफार्म सिविल कोड को हरियाणा में लागू करने के लिए पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार के लिए देश के सभी नागरिक एक समान होने चाहिए, जोकि संविधान की मूल भावना में भी है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सरकार और नागरिक का रिश्ता है और इसमें कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
आज हरियाणा विधानसभा द्वारा संविधान समर्पित विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है जबकि विपक्षी दल कांग्रेस पंचकूला में संविधान बचाओ मार्च निकाल रहे है, के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में श्री विज ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान को जितनी बार इन्होंने (कांग्रेस) घायल किया है, उतनी बार किसी ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि 90 बार कांग्रेस ने धारा 356 लगाकर विधिवत चुनी हुई सरकारों को भंग करने का काम किया है। कांग्रेस ने इमरजेंसी लगाकर, सारे विपक्ष को जेलों में डालकर, सेंसरशिप लगाकर संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। अब ये (विपक्ष कांग्रेस) केवल उन ज़ख्मों को छिपाने के लिए लाल किताब लेकर घूमते है ।
कांग्रेस द्वारा संविधान को बचाने की बात की जा रही है, के बारे में पूछे हुए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि संविधान तो बहुत मजबूत है और बचा हुआ है क्योंकि हमारे संविधान निर्माताओं ने ऐसे प्रावधान किए है कि संविधान बचा रहे। उन्होंने कहा कि जब इन्होंने संविधान को तोड़ने की कोशिश की थी और इनके जो किए हुए गलत काम थे और संविधान के साथ छेड़छाड़ की गई थी तथा संविधान संशोधन कर बदलाव किए थे, को जनता पार्टी की सरकार ने रद्द कर दिया था।
कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के मार्च के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक कलाबाजी है वह खाते रहे, हमें इससे क्या लेना।