भिवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो नकाबपोश युवक काबू, हथियार बरामद
Bhiwani police arrest accused: भिवानी जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिवानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। भिवानी सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने भिवानी जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिवानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। भिवानी सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने तोशाम बाईपास के पास से दो आरोपियों को एक अवैध देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पर हत्या के प्रयास और लूट जैसे करीब 25 गंभीर मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के सख्त निर्देशों के बाद अपराध इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया था।
डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि 12 मार्च की रात को सीआईए स्टाफ-2 के इंचार्ज उप निरीक्षक विशेष कुमार के नेतृत्व में एक टीम तोशाम बाईपास क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में अवैध हथियारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह ग्रिल से जा टकराई। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी जॉनी उर्फ संजू निवासी गांव डोहकी चरखी दादरी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक कारतूस मिला तथा अंकित उर्फ भुंडा गांव डोहकी चरखी दादरी के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वही दुर्घटना में मामूली चोटें आने के कारण दोनों को सामान्य अस्पताल भिवानी में उपचार दिलाया गया है।
डीएसपी ने प्रेस वार्ता में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी जॉनी एक आदतन अपराधी है। उस पर हरियाणा के भिवानी, हांसी, हिसार, रोहतक, चरखी दादरी और पड़ोसी राज्य राजस्थान में हत्या के प्रयास, चोरी और शस्त्र अधिनियम के करीब 25 मामले दर्ज हैं। वहीं, अंकित पर भी दादरी में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। दोनों हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे। इन आरोपियों ने पूछताछ में यह भी कबूल किया है कि उन्होंने 28 फरवरी की रात को थाना तोशाम के अंतर्गत गांव ढाणी माहू में घर में घुसकर हथियार के बल पर लूट की थी।
प्रेस वार्ता के अंत में डीएसपी ने साफ किया कि जिले में कानून व्यवस्था को बिगाडऩे वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ थाना शहर भिवानी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अब उन्हें रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।