पंचकूला में राहगीर से मोबाइल छीनने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे में किया गिरफ्तार, पूछताछ में एक अन्य स्नैचिंग का भी खुलासा
पंचकूला/ 3 सितंबर: पंचकूला को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-19 पंचकूला में राहगीर से मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ पन्ना निवासी डेराबस्सी, मोहाली तथा विकास उर्फ शक्तिमान निवासी सहारनपुर, हाल निवासी डेराबस्सी के रूप में हुई है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 29 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता अपने काम से छुट्टी कर रात करीब 8:30 बजे ग्रीन पार्क फेस-2 पंचकूला स्थित पेट्रोल पंप के पीछे वाली सड़क से चंडीगढ़ स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान फेस-2 के पास पहुंचने पर वह मोबाइल फोन पर घर बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-20 पंचकूला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर 1 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। आगे की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में छीना फोन भी बरामद करवाया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक अन्य वारदात में छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विकास उर्फ शक्तिमान के खिलाफ थाना सेक्टर-14 पंचकूला में वर्ष 2024 में एक स्नैचिंग का मामला मामला दर्ज है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि दोनों आरोपियों को आज रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस को अपराध की रोकथाम के साथ-साथ वारदात के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
