सोनीपत की ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में छात्राओं के बीच हाथापाई
O.P. Jindal Global University में छात्राओं के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना हरियाणा के Sonipat स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर हुई, जहां कुछ छात्राएं आपस में भिड़ गईं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई छात्राएं एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रही हैं। इस दौरान कुछ छात्राओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और जमकर हाथापाई की। वहीं मौके पर मौजूद अन्य छात्राएं इस घटना की हूटिंग करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करती दिखाई दीं।
विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह साफ नहीं है। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि यह छात्राओं का आपसी झगड़ा था, जिसे आपस में ही सुलझा लिया गया। पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी गई।
यूनिवर्सिटी के PRO बोले- आपस में सुलझाया झगड़ा
छात्राओं के झगड़े के वीडियो को लेकर ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी की पीआरओ अंजू मोहन ने कहा कि इस पर उनकी ओर से कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आ रहा है, उसी के आधार पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पुष्टि की कि छात्राओं के बीच झगड़ा हुआ था।
अंजू मोहन ने आगे कहा कि संस्थान में करीब 11 हजार छात्र पढ़ते हैं और इतने बड़े परिसर में कभी-कभी आपसी झगड़े की घटनाएं हो जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी छात्र एक परिवार की तरह रहते हैं और इस मामले को आपस में ही सुलझा लिया गया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।