आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ड्रामाबाजी को जनता समझ चुकी है: मोहन लाल बड़ौली
चंडीगढ़, 22 मई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जीरकपुर नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर-5 से भाजपा प्रत्याशी नेहा शर्मा के समर्थन में व्यापक चुनाव प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। जगह-जगह भाजपा समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष पंचकूला अजय मित्तल तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में जनता भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति करती है, जबकि विरोधी दल केवल झूठे वादों और भ्रम फैलाने की राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेंगे और पंजाब में कमल खिलाने का कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये दोनों दलों ने जनता का विश्वास खो दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में विकास के नाम पर लोगों को केवल गुमराह करने का काम किया है। जनता अब उनके झूठे वादों और राजनीतिक ड्रामों को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर आम आदमी पार्टी पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा परिवारवाद और सत्ता की राजनीति में उलझी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई स्पष्ट नीति है और न ही जनता के हित में कोई विजन। यही कारण है कि जनता लगातार कांग्रेस से दूरी बना रही है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाएगा और भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी है और नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वार्ड के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए भाजपा प्रत्याशी नेहा शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाएं।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और नगर परिषद चुनाव में भी कमल का फूल पूरी मजबूती के साथ खिलेगा।