शहीदी दिवस को समर्पित यात्रा का अम्बाला छावनी में 18 नवम्बर को जगह-जगह होगा स्वागत: अनिल विज
Martyrdom Day Yatra Welcome in Ambala: विज ने बताया कि 18 नवम्बर को शहीदी यात्रा पंजोखरा साहिब से गांव कलरहेड़ी होते हुए बोह, बब्याल होते हुए टांगरी पार इंडियन रोलर रेस्टोरेंट पहुंचेगी।
Martyrdom Day Yatra: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि हिंद की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। शहीदी दिवस को समर्पित शहीदी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है जोकि 18 नवम्बर को अम्बाला छावनी में आएगी। यात्रा के माध्यम से सर्वसमाज को गुरू तेग बहादुर जी के अदम्य साहस, उनके बलिदान बारे जानकारी दी जाएगी।
विज आज अंबाला में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में यात्रा को लेकर 21 सदस्यीय गठित कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 18 नवम्बर को शहीदी यात्रा पंजोखरा साहिब से गांव कलरहेड़ी होते हुए बोह, बब्याल होते हुए टांगरी पार इंडियन रोलर रेस्टोरेंट पहुंचेगी।
इसके बाद जगाधरी रोड से होते हुए सुभाष पार्क, चौड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार, निशात सिनेमा रोड, राय मार्केट होते हुए यात्रा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पर पहुंचेगी जहां से यात्रा आगे अम्बाला शहर मंजी साहिब गुरुद्वारा साहिब की ओर रवाना होगी।
यात्रा का स्वागत अम्बाला छावनी में श्रद्धापूर्वक किया जाएगा। उन्होंने सर्वसमाज से आह्वान किया कि शहीदी दिवस को समर्पित यात्रा का सभी संस्थाओं द्वारा किया जाए। यात्रा के स्वागत को लेकर बाजारों को सजाया जाएगा व पुष्पवर्षा की जाएगी। बैठक में यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के अलावा राजनीति दलों से भी यात्रा का स्वागत करने का आह्वान किया गया।
बैठक में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व सीनियर उपप्रधान सुदर्शन सिंह सहगल, पूर्व सदस्य बीएस बिंद्रा, हरप्रीत सिंह बब्बर, बलविंद्र सिंह शाहपुर, तरविंद्र सिंह सोनू, मनप्रीत सिंह, जसवंत सिंह भाटिया, हरविंद्र सिंह, जतिंद्र सिंह, केपी सिंह, राजू के अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।