Cindy Rodriguez Singh Arrested: अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी एफबीआई ने सिंडी रोड्रिग्ज सिंह नाम की महिला को भारत से गिरफ्तार किया है, जिस पर अपने छह साल के बेटे नोएल रोड्रिग्ज अल्वारेज की हत्या का आरोप है।
Who is Cindy Singh: एफबीआई ने दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल भगोड़े सिंडी रोड्रिग्ज सिंह (Cindy Rodriguez Singh) को भारत में गिरफ्तार कर लिया है। एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
एफबीआई अधिकारियों, न्याय विभाग और भारत में सहयोगियों की सराहना करते हुए काश पटेल ने कहा कि सिंडी रोड्रिग्ज सिंह पिछले 7 महीनों में गिरफ्तार की गई चौथी टॉप 10 मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ी है। व्हाइट हाउस ने भी एफबीआई की सराहना की और कहा कि सिंडी की गिरफ्तारी अन्य अपराधियों के लिए एक चेतावनी है।
सिंडी सिंह पर क्या हैं आरोप
काश पटेल ने ट्रंप प्रशासन की सराहना करते हुए कहा, ‘यह पिछले 7 महीनों में गिरफ्तार किया गया चौथा टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ा में शामिल है। सिंडी अपने छह साल के बेटे की हत्या के आरोपों में वॉन्टेड है। उस पर अभियोजन से बचने के लिए गैरकानूनी रूप से भागने और 10 साल से कम उम्र के व्यक्ति की हत्या के आरोप लगाए जाएंगे। इसका श्रेय जबरदस्त फील्ड वर्क, कानून प्रवर्तन सहयोगियों, खुफिया एजेंसियों और एक ऐसे प्रशासन को जाता है जो अच्छे पुलिसकर्मियों को अपना काम करने देता है।’
व्हाइट हाउस ने सिंडी की गिरफ्तारी के बारे में अपने पोस्ट में ट्रंप प्रशासन का आभार व्यक्त किया। यह उनके लिए गौरव की बात है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन ने पदभार ग्रहण करने के दो महीने के भीतर ही तीन हाई-प्रोफाइल भगोड़ों को पकड़ लिया। सिंडी सिंह के अलावा अन्य लोग डोनाल्ड यूजीन फील्ड्स II, अर्नोल्डो जिमेनेज और फ्रांसिस्को जेवियर रोमन-बार्डेल्स थे।
पिछले साल जारी हुआ था रेड नोटिस
3 अक्टूबर, 2024 को, रोड्रिग्ज सिंह के लिए एक इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया और भारत सहित सभी सदस्य देशों को भेजा गया। उसी समय, भारतीय अधिकारियों को एक प्रत्यर्पण पैकेट सौंपा गया, जिससे उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया।
सिंडी सिंह कौन है?
1985 में जन्मी सिंडी रोड्रिगेज सिंह डलास, टेक्सास में रहती थी और भारतीय मूल की है। 2023 में सिंडी पर अपने 6 साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा था। उसके बेटे नोएल अल्वारेज़ को आखिरी बार अक्टूबर 2022 में देखा गया था। हालांकि, परिवार ने मार्च 2023 तक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। नोएल के लापता होने के बाद, टेक्सास में एम्बर अलर्ट जारी किया गया था। FBI के अनुसार, एवरमैन पुलिस विभाग को टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली एंड प्रोटेक्टिव सर्विसेज ने सिंडी सिंह के 6 वर्षीय बेटे की जांच करने के लिए कहा था, क्योंकि बच्चा अक्टूबर 2022 से नहीं देखा गया था।
सिंडी ने जांचकर्ताओं से झूठ बोला कि बच्चा अपने जैविक पिता के साथ मैक्सिको में था और नवंबर 2022 से वहीं था। जबकि जांच के दो दिन बाद, सिंह को अपने पति और छह बच्चों के साथ भारत जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर चढ़ते हुए देखा गया। जिस 6 साल के बेटे की उसने कथित तौर पर हत्या की थी, वह परिवार के साथ नहीं देखा गया।
कैसे चढ़ी हत्थे?
अक्टूबर 2024 में सिंडी सिंह के खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी हुआ था और सभी सदस्य देशों को भेजा गया था। उस दौरान भारत को प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज भी दिए गए थे। इसके बाद सिंडी सिंह की गिरफ्तारी संभव हो सकी। काश पटेल ने कहा, ”टेक्सास, जहां इस केस की शुरुआत हुई, वहां के स्थानीय साझेदारों, न्याय विभाग के साथ भारत में हमारे साझेदारों का धन्यवाद।’