नेपाल में गहराया सियासी संकट, गृहमंत्री ने दिया इस्तीफा, सोशल मीडिया ऐप्स को बैन को लेकर बवाल, काठमांडू प्रोटेस्ट में 21 की मौत
Nepal Social Media Ban Gen-Z Protest: नेपाल में फेसबुक और यूट्यूब समेत कई सोशल मीडिया ऐप्स को बैन को लेकर बवाल शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी संसद में घुस गए हैं।
Nepal Gen-Z Protest over Soical Media: नेपाल में फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप जैसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाने और भ्रष्टाचार को लेकर युवा ओली सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। सोशल मीडिया पर बैन लगाने से युवाओं के बीच भारी आक्रोश है। राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कर रहे हैं इसलिए Gen-Z का आंदोलन कहा जा रहा है।
काठमांडू में तो प्रदर्शन हिंसक हो गया और युवाओं ने संसद भवन में घुस कर जमकर तोड़फोड़ औेर आगजनी की। पुलिस ने फिर आंसू गैस, पानी की बौछार और यहां तक की रबर बुलेट का इस्तेमाल किया। हालात पर काबू पाने के लिए नेपाल की सरकार ने काठमांडू, पोखरा समेत कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया और सड़कों पर सेना की तैनाती कर दी है।
नेपाल के गृहमंत्री ने दिया इस्तीफा
नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसे प्रदर्शनकारियों की बड़ी जीत मानी जा रही है। उन्होंने 15 जुलाई 2024 को नेपाल के गृहमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला था. गृहमंत्री बनने से पहले वे नेपाली कांग्रेस के मुख्य सचेतक भी रह चुके हैं।
इस प्रदर्शन के दौरान कई लोगों की मौत भी हुई है और 250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सोशल मीडिया बैन, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। संसद भवन, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम आवास के पास के इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। काठमांडू प्रशासन ने तोड़फोड़ करने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए हैं।
सोशल मीडिया पर क्यों लगा प्रतिबंध?
सरकार के मुताबिक, नेपाल में सोशल मीडिया कंपनियों को पंजीकरण के लिए 28 अगस्त से सात दिन का समय दिया गया था। बीते बुधवार को जब समय सीमा समाप्त हो गई, तब भी किसी भी बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म – जिसमें मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप), अल्फाबेट (यूट्यूब), एक्स (पूर्व में ट्विटर), रेडिट और लिंक्डइन शामिल थे, पंजीकरण नहीं कराया। जिसके बाद सरकार ने गुरुवार से इन कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया।
नेपाल में सोशल मीडिया फिर से शुरू
नेपाल में सोशल मीडिया फिर से शुरू हो गया है। रिपोर्टर के मुताबिक, नेपाल में दोपहर 3:15 बजे के बाद बिना वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) इस्तेमाल किए सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म चल रहे हैं।
सरकार ने 3 सितंबर को सोशल मीडिया बैन किया था
नेपाल सरकार ने 3 सितंबर को फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया साइट्स पर बैन लगाने का फैसला किया था। इन प्लेटफॉर्म ने नेपाल के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। इसके लिए मंत्रालय ने 28 अगस्त को आदेश जारी कर 7 दिन का समय दिया था, यह समय सीमा 2 सितंबर को खत्म हो गई।