दिवाली पर हरियाणा के गन्ना किसानों को बंपर गिफ्ट, अगेती और पछेती किस्मों को भाव बढ़ाया
Sugarcane Price Hike: दिवाली के अवसर पर हरियाणा सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि राज्य में गन्ने के समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की गई है।
Sugarcane Price Hike: दिवाली के अवसर पर हरियाणा सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्ने की फसल की दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस एलान के बाद अब किसानों को 415 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिलेगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्य सरकार ने किसानों को देश में गन्ने का सबसे ऊंचा भाव देने का फैसला किया है।
सरकार द्वारा जारी किए गए नए रेट के अनुसार, गन्ने की अगेती किस्मों का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। वहीं, पछेती किस्मों की कीमत 393 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 408 रुपये प्रति क्विंटल की गई है।
लाखों गन्ना किसानों को होगा फायदा
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस अहम फैसले के साथ, हरियाणा सरकार ने देश में सबसे अधिक गन्ने की कीमत की पेशकश कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम है। बयान में यह भी कहा गया कि यह भाव में वृद्धि गन्ना किसानों के लिए एक दिवाली का तोहफा है, जो उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को सम्मान देता है और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश में गन्ने का सबसे अधिक समर्थन मूल्य देकर सरकार उनके जीवन में समृद्धि और खुशियां लाने का प्रयास कर रही है। बयान के अनुसार, यह कदम न केवल गन्ना उत्पादकों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल कायम करेगा।