स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं: पंचकूला पुलिस ने काटे 23 ऑटो व 9 बसों के चालान, 2 वाहन इंपाउंड
पंचकूला/ 2 सितंबर: स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस ने ओवरलोड ऑटो और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूल बस चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, आज जिलेभर में ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली वाहनों की विशेष जांच की। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार और सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की अगुवाई में टीमों ने ऑवरलोड ऑटो व बसों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, फिटनेस सर्टिफिकेट, चालक-परिचालक की वर्दी, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। अभियान के दौरान 23 ऑटो व 9 बसों के चालान किए गए तथा 2 वाहन इंपाउंड किए गए।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाला वाहन सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करता हो। स्कूल संचालक भी वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों, आवश्यक दस्तावेजों तथा चालक-परिचालकों की पात्रता की नियमित जांच करें। साथ ही वाहन की स्थिति और उसमें बैठाए जा रहे बच्चों की संख्या पर ध्यान दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या ओवरलोडिंग नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
