ऑपरेशन मैदान 2.0: पंचकूला पुलिस ने एक ही दिन में 4 नशा तस्करों को दबोचा, भारी मात्रा में हेरोइन, अफीम और कोकीन बरामद
पंचकूला/ 19 जून:- सख्त कानून व्यवस्था और नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर पंचकूला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत पंचकूला पुलिस की विभिन्न क्राइम यूनिट्स ने एक ही दिन में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
पहले मामले में एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने 18 जून को कार्रवाई करते हुए आरोपी अहुजा निवासी जिला फाजिल्का, पंजाब को जीरकपुर-शिमला हाईवे के समीप कालका क्षेत्र में टीपरा के पास काबू किया। आरोपी के कब्जे से 120 ग्राम हेरोइन बरामद की गई जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल ने 305 ग्राम हेरोइन तस्करी प्रकरण में दूसरे आरोपी हरपिंदर सिंह निवासी तरनतारन, पंजाब को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पहले गिरफ्तार आरोपी द्वारा यह खेप हरपिंदर से लाई जाती थी। पहले आरोपी को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है जबकि हरपिंदर सिंह को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
तीसरे मामले में थाना सेक्टर-20 में दर्ज केस के तहत डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने सेक्टर-21 पंचकूला स्थित छठ पूजा घाट के पास से आरोपी सुरेन्द्र सिंह को 328 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है तथा उससे पूछताछ जारी है।
वहीं चौथे मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी गौतम निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ को सेक्टर-24 पंचकूला के निकट एक पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 24 ग्राम कोकीन बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत से पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि ऑपरेशन मैदान 2.0 की शुरुआत जिले में नशा तस्करों की रीढ़ तोड़ने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के उद्देश्य से की गई थी। अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए पंचकूला को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।