ईरानी धमकियों के बीच व्हाइट हाउस की सुरक्षा में सेंध, लगाया गया लॉकडाउन
White House Security Breach: व्हाइट हाउस की सुरक्षा को लेकर हाल के सालों में घुसपैठ, साइबर हमले और गोपनीय जानकारी के लीक जैसे कई मामले सामने आए हैं।
White House North Lawn Locked Down: अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और अमेरिका की सबसे सुरक्षित बिल्डिंग व्हाइट हाउस की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। यहां मंगलवार को नॉर्थ लॉन में सेफ्टी फेंस के ऊपर से किसी ने अपना मोबाइल फोन फेंक दिया। जैसे ही सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी हुई वहां खलबली मच गई। आनन-फानन में सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस परिसर को पूरी तरह से बंद कर दिया।
‘व्हाइट हाउस’ में मंगलवार को सुरक्षा चूक की वजह से लॉकडाउन लगाना पड़ा। दरअसल, किसी ने व्हाइट हाउस के सेफ्टी फेंस (सुरक्षा बाड़) के ऊपर से एक फोन फेंक दिया था। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने मीडिया को बताया- किसी ने बाड़ के ऊपर से अपना फोन फेंक दिया था। इसके तुरंत बाद जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए। आनन-फानन में पत्रकारों को जेम्स ब्रैडी ब्रीफिंग रूम में शिफ्ट करके पेनसिल्वेनिया एवेन्यू को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया।
एक घंटे तक बंद रखा गेट
सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के गेट को तकरीबन एक घंटे तक बंद रखा। इस बीच उस फोन की जांच की गई जो टूरिस्ट ने फेंका था। जब कोई गड़बड़ नहीं मिली, इसके बाद ही सिक्योरिटी क्लीयरेंस दी गई। क्लीयरेंस के बाद ही गेट खोले गए और मीडियाकर्मियों को बाहर आने की अनुमति दी गई।
पहले भी सुरक्षा में लग चुकी है सेंध
गौरतलब है कि ये कोई पहली बार नहीं है जब व्हाइट हाउस की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया हो। इससे पहले, मार्च में, एक बच्चा व्हाइट हाउस में घुस गया था, बाद में जिसे सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने उसके परिजनों को सौंप दिया था। उससे पहले, आठ जनवरी को व्हाइट हाउस के एक गेट से एक वाहन टकरा गया था। हालांकि, हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ था। बाद में चालक को हिरासत में लिया गया था।
ईरान ने दी है ट्रंप को खुली धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान की ओर से खुली धमकी मिली है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के सलाहकार मुशीर मोहम्मद जवाद लारीजानी ने कहा है कि ट्रंप को तब मारा जाएगा जब वह सनबाथ ले रहे होंगे। उन्होंने कहा है कि ट्रंप अपने घर में सुरक्षित नहीं है, उन्होंने ऐसा काम किया है जब वह अपने घर मार आ लागो में धूप सेंक रहे होंगे तभी एक ड्रोन उनकी नाभि पर हमला कर सकता है।