रैली स्थल पर हवन मामले को लेकर भड़की सियासत, कांग्रेस ने जताया विरोध
Haldwani Rally Controversy; हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद रैली स्थल पर हवन और गंगाजल छिड़कने के कथित मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। इसी के विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोनीपत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर सत्याग्रह किया। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में गांधी चौक से शुरू हुआ मार्च अंबेडकर पार्क पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया।
गांधी चौक से शुरू हुए पैदल मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी के विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी प्रदर्शन में पहुंचे। उन्होंने हल्द्वानी की घटना को शर्मनाक बताते हुए भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की जनसभा के बाद रैली स्थल का कथित शुद्धिकरण किया जाना भाजपा और आरएसएस की सोच को दर्शाता है।
दीपेंद्र हुड्डा ने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रधानमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर जातिवादी और धर्म विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरत कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण की नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा के शुद्धिकरण की है। हुड्डा ने प्रदेश में युवाओं के भविष्य और अपराध के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। इसके साथ ही खेलों को लेकर उन्होंने कहा कि कभी हरियाणा की पहचान खेल और खिलाड़ियों से होती थी, लेकिन आज खेल ढांचे और स्टेडियमों की हालत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और मजबूत खेल बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की मांग की।
हल्द्वानी की कथित घटना अब हरियाणा की सियासत में भी मुद्दा बन गई है। सोनीपत में कांग्रेस के सत्याग्रह के जरिए जहां पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा, वहीं इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। राजेश खत्री डेली पोस्ट न्यूज सोनीपत हरियाणा।
