सार्वजनिक क्षेत्र को पूंजीपतियों और बड़ी कंपनियों के हाथों बेचने का काम कर रही है मोदी सरकार – राकेश सिंघा
माकपा की जोगिंदर नगर कमेटी द्वारा 9 दिन तक गांव-गांव जत्थे चलाने और लोगों को जागरूक करने के बाद मच्छयाल में विशाल प्रदर्शन किया गया। राज्य स्तर के जत्थे के मच्छयाल पहुंचने से पहले माकपा जिला सचिव कुशाल भारद्वाज, लोकल कमेटी सचिव रविंदर कुमार, सदस्यों सुदर्शन वालिया, मोहन सरवाल, नरेश धरवाल, बालक राम, कालीदास ठाकुर के नेतृत्व में लोगों ने लाल झंडे तथा तख्तियां लेकर मच्छयाल में विराट जलूस निकाला।
माकपा के राष्ट्रीय नेता डॉक्टर विक्रम, सिंह, राज्य सचिव संजय चौहान और वरिष्ठ नेता राकेश सिंघा के नेतृत्व में चल रहे राज्य स्तरीय जत्थे का खुद्दर में जोरदार स्वागत करते हुए जत्थे को मच्छयाल के मैदान तक गगनभेदी नारों के साथ लाया गया।
जोगिंदर नगर में स्मार्ट मीटर और बिजली के निजीकरण का मुद्दा सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है और इस विराट प्रदर्शन में भी इसकी खूब गूंज दिखी। इसके अलावा मनरेगा की बहाली तथा स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों, पेयजल तथा बसों की कमी व सड़कों की खस्ताहालत के मुद्दे पर भी जनता मुखर दिखी।
पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार योजनाबद्ध तरीके से पूरे सार्वजनिक क्षेत्र को पूंजीपतियों और बड़ी कंपनियों के हाथों बेचने का काम कर रही है राकेश सिंघा ने कहा बिजली क्षेत्र को निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी की जा रही है और स्मार्ट बिजली मीटर उसी योजना का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) ग्रांट भी समाप्त कर दी है, जिससे प्रदेश की जनता को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती का खतरा पैदा हो गया है।
24 मार्च की दिल्ली रैली के लिए स्मार्ट मीटर तथा मनरेगा के मुद्दे पर जोगिंदर नगर से सैंकड़ों लोग दिल्ली जाएंगे। 17 से 23 मार्च तक फिर से गांव गांव जत्थे चलाए जाएंगे।