‘सिख दंगों और विभाजन से पेट नहीं भरा, अब कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है’ : अनिल विज
Anil Vij statement on Rahul Gandhi: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लगभग एक महीने पुराने मुद्दे को लेकर धरने पर बैठने को लेकर तंज कसा और कहा कि “राहुल गांधी को छपास और चिपकू रोग हो गया है, वे चाहते हैं कि वो रोज अखबारों में छपते रहे और टीवी स्क्रीन पर चिपका रहूं, इसलिए जो काम सीधे तरीके से भी किया जा सकता है उसको वो तमाशा व नौटंकी बनाकर करने का प्रयास करते हैं”।
आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी आज जिस मुद्दे को लेकर धरने पर बैठे हैं, उस पर माननीय सुप्रीम कोर्ट पहले ही पांच सदस्यों की उच्चस्तरीय टीम जांच के लिए बना चुका है। इस टीम की अध्यक्षता भी सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज कर रहे हैं, और कांग्रेस को उन पर भरोसा रखना चाहिए। वैसे भी कानून में प्रावधान है कि अगर पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती तो आप कोर्ट में जाकर केस कर सकते है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मगर कांग्रेस को तो हिंदुस्तान में अराजकता फैलानी है और इनका सिख दंगों से पेट नहीं भरा है, विभाजन के समय इन्होंने लाखों लोगों को मरवाया उससे इनकी आत्मा को शांति नहीं मिली इसलिए तो अब ये आराजकता फैलाना चाहते है और चाहते है कि लोग जगह-जगह सड़कों पर आए और लड़े और एक दूसरे की मारकाट करें।
